
Jamshedpur : पुलिस ने गुरुवार को शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के आदेश पर गठित एसआईटी ने कार्रवाई करते हुए पांच शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 33 मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण, दो चोरी की स्कूटी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
एमजीएम थाना कांड संख्या 89/2026 के उद्भेदन के लिए ग्रामीण एसपी के मार्गदर्शन और पटमदा के पुलिस उपाधीक्षक दयानंद कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। टीम में एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एमजीएम अस्पताल परिसर के पास गिरोह के सदस्य चोरी और छिनतई की नई घटना को अंजाम देने के लिए जमा हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने संगठित गिरोह बनाकर जमशेदपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मोबाइल, पर्स, मोटरसाइकिल, स्कूटी और चेन की चोरी व छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों और उनके पास से बरामद सामान के मिलान के बाद एमजीएम और सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के कुल छह गंभीर मामलों का खुलासा किया गया। इस मामले में एमजीएम थाना में कांड संख्या 98/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में नया मामला भी दर्ज किया गया है।
इन मामलों का हुआ खुलासा
* तुरियाबेड़ा में महिला से छिनतई किए गए सोने के लॉकेट लगे मोती के माला की बरामदगी।
* एमजीएम अस्पताल से चोरी हुए वीवो कंपनी के मोबाइल की बरामदगी।
* एमजीएम अस्पताल से चोरी हुए मोटो जी57 पावर मोबाइल की बरामदगी।
* एमजीएम अस्पताल में रुपये की पॉकेटमारी के मामले का उद्भेदन।
* एमजीएम अस्पताल पार्किंग से चोरी हुई एक्टिवा स्कूटी जेएच05डीएफ 9953 की बरामदगी।
* मानगो बस स्टैंड से चोरी हुई बिना नंबर की यामाहा फैशिनो स्कूटी की बरामदगी।
33 मोबाइल, आभूषण और तीन वाहन बरामद

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की व्यक्तिगत तलाशी और तुषार कालिंदी की निशानदेही पर बागुनहातु से कुल 33 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इनमें आईफोन, वीवो, ओप्पो, रियलमी और सैमसंग समेत विभिन्न कंपनियों के एंड्रॉयड और कीपैड मोबाइल शामिल हैं।
इसके अलावा एक सोने का लॉकेट, चांदी के माला में सिटीगोल्ड का मंगलसूत्र, तीन पतली चांदी की चेन और एक कान का टॉप बरामद किया गया है। पुलिस ने दो चोरी की स्कूटी और छिनतई की घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल JH05DX 1935 भी जब्त की है।
ये गिरफ्तार अपराधी
पुलिस ने बागुनहातु निवासी तुषार कालिंदी उर्फ तुषार भाई, सन्नी कालिंदी उर्फ नंदू, लक्ष्मण बागती, आकाश दत्ता उर्फ चेपा और सावन देवगम उर्फ बच्चा को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, आकाश दत्ता उर्फ चेपा और सावन देवगम उर्फ बच्चा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और बरामद मोबाइलों के मालिकों के संबंध में भी जांच कर रही है।
Read also Jamshedpur News : सोनारी में गैस पाइपलाइन लीक होने से हड़कंप, 50 घरों की सप्लाई ठप; गेल ने पाया काबू


