
Jamshedpur : विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर टाटा स्टील यूआईएसएल के पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट की ओर से पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत और वायु प्रदूषण को कम करने के उद्देश्य से शहर में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सोनारी स्थित भारत सेवाश्रम स्कूल, कदमा स्थित टाटा वर्क्स यूनियन स्कूल और गोलमुरी स्थित नेताजी सुभाष चंद्र स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में 1500 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया।
ओजोन परत के महत्व की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ओजोन परत की भूमिका और पृथ्वी को सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी (यूवी) किरणों से बचाने में इसके महत्व के बारे में जानकारी दी गई। छात्रों को सीएफसी (क्लोरोफ्लोरोकार्बन) जैसे ओजोन परत को नुकसान पहुंचाने वाले पदार्थों के दुष्प्रभावों से भी अवगत कराया गया।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को जल और ऊर्जा संरक्षण तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें रोजमर्रा की छोटी-छोटी आदतों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का संदेश दिया गया।
‘लाइट ऑफ’ से ऊर्जा बचत का संदेश
अभियान के दौरान ‘लाइट ऑफ’ जैसे संदेशों के माध्यम से विद्यार्थियों को ऊर्जा बचत की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। छात्रों से कहा गया कि कक्षा से बाहर निकलते समय पंखे और लाइट बंद करने जैसी छोटी पहल को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने वाले ‘चेंज एजेंट’ के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
बिष्टुपुर सिग्नल पर ‘रेड लाइट ऑन–इंजन ऑफ’
अभियान का प्रमुख आकर्षण बिष्टुपुर ट्रैफिक सिग्नल पर चलाया गया ‘Red Light On – Engine Off’ अभियान रहा। इसके माध्यम से वाहन चालकों को लाल बत्ती पर वाहन रोकने के साथ इंजन बंद करने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के आयोजकों ने बताया कि रेड लाइट पर अनावश्यक रूप से इंजन चालू रखने से ईंधन की खपत और वाहन उत्सर्जन बढ़ता है। ऐसे में सिग्नल पर इंजन बंद करने की आदत ईंधन बचत के साथ वायु प्रदूषण को कम करने में योगदान दे सकती है। अभियान के माध्यम से लोगों से पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन की आदतों से जोड़ने की अपील की गई।

