
Jamshedpur : जमशेदपुर के समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में यातायात एवं सड़क सुरक्षा को लेकर शनिवार को महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की समीक्षा करते हुए पाया गया कि गलत दिशा में वाहन चलाना, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करना, शराब पीकर वाहन चलाना तथा ओवरस्पीडिंग दुर्घटनाओं की बड़ी वजह हैं। उपायुक्त ने इन मामलों पर सख्ती बरतने और लगातार जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए।
एनएचएआई को अगले एक माह के भीतर हाईवे पर स्पीड गन की व्यवस्था करने तथा खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया। वहीं ट्रैफिक डीएसपी को राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित अभियान चलाकर जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में हाट-बाजार के दिनों में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाने को भी कहा गया।
बैठक में सलगाजुड़ी हनुमान मंदिर के पास कॉन्केव मिरर और आवश्यक साइनेज लगाने तथा डिमना चौक से डिमना लेक जाने वाली सड़क पर संकेतक बोर्ड और मरम्मत कार्य कराने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए गए।
समीक्षा के दौरान जून माह में हुई 24 सड़क दुर्घटनाओं का विश्लेषण किया गया। इन हादसों में 11 लोगों की मौत हुई, जबकि 15 लोग घायल हुए। उपायुक्त ने लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर जुर्माने के साथ ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई करने तथा यात्री वाहन, मालवाहक वाहन और स्कूल वैन में ओवरलोडिंग रोकने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों के बीच यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान तेज करने पर भी जोर दिया गया।
परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई में जून महीने के दौरान 475 ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड किए गए और 27 लाख 25 हजार 150 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसी अवधि में 3,530 लोगों को लर्नर ड्राइविंग लाइसेंस तथा 1,521 लोगों को स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए गए।
बैठक में हिट एंड रन, जीआईएस बीमा और आपदा राहत योजना के तहत लंबित मुआवजा मामलों का शीघ्र निपटारा कर पीड़ित परिवारों को समय पर सहायता राशि उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) दिलीप कुमार, ट्रैफिक पुलिस, एनएचएआई तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


