Jamshedpur Womens University Protest: जमशेदपुर : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी के परीक्षा विभाग में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों ने बुधवार को विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय में मैनपावर सप्लाई करने वाली एजेंसी एवरग्रीन के खिलाफ नारेबाजी की और उस पर शोषण का आरोप लगाया। कर्मचारियों ने कहा कि एजेंसी द्वारा उनसे जबरदस्ती शपथ-पत्र पर साइन कराया जा रहा है। इसमें स्थायीकरण की मांग नहीं करने, यूनियन न बनाने व अपनी शिकायत कहीं और दर्ज नहीं कराने समेत कई शर्तों को शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि जब से एजेंसी की ओर से उन्हें नियुक्त किया गया है, तब से इसी प्रकार अलग-अलग तरीकों से हमें प्रताड़ित कर रही है। उन्होंने एजेंसी पर समय पर वेतन नहीं देने का आरोप भी लगाया। उनके विरोध-प्रदर्शन की वजह से विवि के परीक्षा विभाग में काम प्रभावित हुआ है। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक एजेंसी शपथ-पत्र की शर्तों को वापस नहीं लेती है, वे विरोध-प्रदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने अपनी शिकायतों से विश्वविद्यालय प्रशासन को भी अवगत करा दिया है।
एक ही एजेंसी के पास सफाई व मैनपावर सप्लाई की जिम्मेदारी
मालूम हो कि महिला विश्वविद्यालय में एवरग्रीन एजेंसी को मैनपावर सप्लाई के साथ ही विश्वविद्यालय परिसर के साफ-सफाई की जिम्मेदारी भी दी गई है। हालांकि जब से इस एजेंसी ने काम संभाला है, इसकी कई शिकायतें मिली हैं। खासकर वेतन भुगतान में देरी को लेकर यह भी आरोप लगा कि एजेंसी नियमित रूप से परिसर की सफाई भी नहीं कराती है।
केयू में भी इसी के पास मैनपावर सप्लाई का ठेका
तमाम शिकायतों के बाद भी महिला विवि के साथ ही कोल्हान विवि में भी एवरग्रीन को ही मैनपावर की जिम्मेदारी दी गई है। वहां भी कर्मचारियों को दो से तीन महीने पर वेतन भुगतान हो रहा है। दो से तीन महीने पर कर्मचारियों को मानदेय दिया जाता है। कोल्हान विवि में भी कर्मचारी कई बार कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन कर चुके हैं।
एजेंसी ने कहा- शपथ पत्र तो लेंगे ही
इस पूरे विवाद पर एवरग्रीन कंपनी के प्रमुख चंदन कुमार ने कहा कि शपथ-पत्र लेकर वे कुछ भी गलत नहीं कर रहे हैं। किसी भी स्थिति में हम कर्मचारियों को गुटबाजी या यूनियन बनाने की इजाजत नहीं दे सकते हैं। रही बात नियमित करने की तो वह संभव नहीं है। जब हमारे पास विवि में काम करने का स्थायी ठेका ही नहीं है, तो कर्मचारी को स्थायी कैसे रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे साथ जिन कर्मचारियों को काम करना है, उन्हें शपथ-पत्र देना ही होगा।

