जामताड़ा (झारखंड): जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से जारी बिजली संकट पर अब स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सख्त रुख अपनाया है। मंत्री ने अपने विधानसभा क्षेत्र में बिजली की समस्या को लेकर इस विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ अपने आवास पर बैठक की और 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त व बिजली विभाग के अधिकारी रहे शामिल
बैठक में जामताड़ा के उपायुक्त रवि आनंद, बिजली विभाग के जनरल मैनेजर, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर और एसडीओ उपस्थित रहे। मंत्री ने स्पष्ट किया कि अब क्षेत्र की जनता को लगातार बिजली आपूर्ति मिलनी चाहिए और बिजली कटौती किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बिजली बिल, मीटर और लाइन सुधार को लेकर मिले निर्देश
मंत्री अंसारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिजली बिल को लेकर आ रही शिकायतों का तुरंत निपटारा किया जाए। बिजली मीटर लगाने की प्रक्रिया पारदर्शी हो। लाइन सुधार और मरम्मत कार्यों में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बिजली लाइन काटने की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
स्मार्ट मीटर के नाम पर पैसे की मांग पर होगी सख्त कार्रवाई
मंत्री को जानकारी मिली थी कि स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर 200 रुपये तक की अवैध वसूली की जा रही है। इस पर उन्होंने स्पष्ट कहा स्मार्ट मीटर बिजली विभाग द्वारा नि:शुल्क लगाए जा रहे हैं। कोई भी कर्मचारी या एजेंसी यदि पैसे की मांग करता है, तो उसकी शिकायत तुरंत विभाग को दें, कार्रवाई की जाएगी।
जामताड़ा को मिलेगी पूरी बिजली सप्लाई: मंत्री का दावा
मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि जामताड़ा को आवश्यकता के अनुरूप मेगावाट बिजली अब उपलब्ध करा दी गई है। अब जनता को 24 घंटे बिजली मिलेगी। उन्होंने जनता से अपील की कि वे किसी भी तरह की बिजली संबंधी परेशानी की शिकायत संबंधित अधिकारियों को करें।
जांच और कार्रवाई होगी: उपायुक्त रवि आनंद
उपायुक्त रवि आनंद ने भी इस मामले में संज्ञान लेते हुए कहा कि बिजली समस्या को लेकर जो शिकायतें मिली हैं, उनकी जांच की जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जनता को राहत मिलने की उम्मीद
जामताड़ा में लगातार बिजली कटौती, अघोषित पावर ट्रिपिंग और मीटर लगाने में गड़बड़ी की शिकायतों से जनता में काफी आक्रोश था। मंत्री द्वारा की गई इस उच्चस्तरीय बैठक के बाद अब जनता को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
Read Also- Chaibasa Elephant Terror : हाथियों का नहीं थम रहा आतंक, पटक-पटककर युवक को मार डाला

