आगरा: भारत दौरे पर आए अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने बुधवार को अपनी पत्नी उषा वेंस और बच्चों के साथ ताजमहल का दौरा किया। ऐतिहासिक स्मारक के दर्शन के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका आगरा एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया।
भारत दौरे के तीसरे दिन पहुंचे आगरा
जेडी वेंस अपने चार दिवसीय भारत यात्रा के तीसरे दिन जयपुर से सुबह 9:15 बजे आगरा पहुंचे। खेरिया एयरपोर्ट पर उतरते ही उनका स्वागत पारंपरिक लोक कलाकारों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ किया गया। इसके बाद वे अपने परिवार संग कार से ताजमहल कॉम्प्लेक्स पहुंचे।
ताजमहल की खूबसूरती से अभिभूत हुए वेंस परिवार
ताजमहल परिसर में करीब एक घंटे तक रुकने के दौरान जेडी वेंस और उनका परिवार इस विश्व धरोहर की भव्यता को निहारते रहे। गाइड के अनुसार उषा वेंस, जो इतिहास की स्नातक हैं, ने ताजमहल की वास्तुकला और निर्माण से जुड़ी कई जिज्ञासाएं व्यक्त कीं।
गाइड ने बताया
उन्होंने ताज की नींव, संगमरमर की गुणवत्ता और निर्माण तकनीकों पर गहरी रुचि दिखाई। उनके सवालों से लगा कि वे इस धरोहर से भावनात्मक रूप से जुड़ गईं।
सीएम योगी का विशेष स्वागत संदेश
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के स्वागत में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनके परिवार का उत्तर प्रदेश में हार्दिक स्वागत है, जो अपनी आध्यात्मिक विरासत और जीवंत संस्कृति के लिए विश्वविख्यात है।”
सुरक्षा व्यवस्था और सांस्कृतिक स्वागत
वेंस परिवार के काफिले के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। रास्तों को सजाया गया था और स्कूल के बच्चों ने भारत-अमेरिका के झंडों के साथ उनका स्वागत किया। आगरा दौरे के बाद वेंस परिवार जयपुर के लिए रवाना हो गया।
भारत यात्रा का धार्मिक और राजनयिक आयाम
अपनी भारत यात्रा की शुरुआत वेंस दंपति ने दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर में दर्शन से की थी। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की और भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर विचार-विमर्श किया।

