पलामू : झारखंड के पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में हुए हत्याकांड मामले में गिरफ्तार पांडे गिरोह की लेडी सिंघम, निशी पांडे के घर से जो जेवर बरामद हुए, वह किसी गुप्त खजाने से कम नहीं थे। पुलिस ने जब निशी पांडे के घर पर छापेमारी की तो वहां से करोड़ों रुपये के सोने, चांदी और हीरे के जेवरात मिले, जिसे देखकर पुलिस भी चौंक गई। खास बात यह है कि जब पुलिस ने इन जेवरों से संबंधित कागजात मांगे, तो निशी पांडे एक नथिया का बिल तक पेश नहीं कर पाई।
निशी पांडे के घर से बरामद सोने-चांदी के जेवर
पुलिस की छापेमारी में निशी पांडे के बेडरूम के बॉक्स में बहुत सारे कीमती आभूषण मिले। इनमें 22 गोल्ड नेकलेस, 2 डायमंड नेकलेस, 17 सोने के कंगन, सोने का चौड़ा कंगन, मोती जड़ा हुआ सोने का इयररिंग, चांदी के बर्तन और 50 ग्राम से लेकर 200 ग्राम तक के सोने और चांदी के बिस्किट शामिल थे। पुलिस ने इन जेवरात की पूरी सूची बनाकर निशी पांडे से हस्ताक्षर कराए हैं।
पुलिस जांच में खुलासे, निशी पांडे पर आरोप
पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता ने खुद इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि इन आभूषणों को संगठित अपराध के अंतर्गत अर्जित किया गया है। पतरातू एसडीपीओ पवन कुमार ने बताया कि यह सब पुलिस के समक्ष थे और उन्हें निशी पांडे की देवरानी बबीता पांडे के हवाले कर दिया गया है। जांच में यह भी जानकारी मिली है कि इन आभूषणों का संबंध पांडे गिरोह की आपराधिक गतिविधियों से हो सकता है।
संगठित अपराध के तहत कार्रवाई की तैयारी
पुलिस की जांच में यह तथ्य सामने आया कि इन आभूषणों का अर्जन संगठित अपराध के तहत किया गया था, इसलिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 107 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 (6) के तहत कार्रवाई की जा सकती है। इस मामले में निशी पांडे को आरोपित किया गया है, और पुलिस जांच जारी है।

