रांची : झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग की बात करें तो राज्य के अधिकतर जिलों में दिन और रात के तापमान में भारी अंतर देखने को मिल रहा है। सुबह के समय ठंड इतनी तेज होती है कि लोग बाहर निकलने से बच रहे हैं, जबकि दोपहर होते-होते धूप इतनी तेज हो जा रही है कि वही लोग स्वेटर उतारने को मजबूर हैं। शाम ढलते ही एक बार फिर ठंडी हवा के साथ कंनकनी लौट आती है। इस उतार-चढ़ाव वाले मौसम ने आम जनजीवन के साथ-साथ स्वास्थ्य पर भी असर डालना शुरू कर दिया है।

Jharkhand Weather Update: रांची, खूंटी और गुमला में बढ़ी ठंड
पिछले 24 घंटों में रांची, खूंटी, गुमला, पलामू, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा और चतरा जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। इन इलाकों में सुबह और रात के समय कंनकनी का असर साफ देखा जा रहा है। ठंडी हवाओं के कारण लोग देर सुबह तक घरों में ही रहने को मजबूर हैं। खासकर पहाड़ी और पठारी इलाकों में ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है। इसके विपरीत, झारखंड के दक्षिणी जिलों में मौसम का मिजाज बिल्कुल अलग नजर आ रहा है। यहां सुबह-शाम हल्की ठंड जरूर है, लेकिन दोपहर में तेज धूप और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।
Jharkhand Temperature Today: दक्षिणी जिलों में गर्मी का असर
जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां जैसे जिलों में दोपहर के समय गर्मी इतनी तेज हो रही है कि कुछ देर धूप में खड़े रहने पर मई-जून जैसी अनुभूति होने लगती है। यहां अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। तापमान के इस अंतर के कारण लोग दिन में पसीने से परेशान हैं, वहीं रात में हल्की ठंड महसूस कर रहे हैं।
अगले चार दिन कैसा रहेगा मौसम
रांची मौसम केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, आने वाले चार दिनों तक झारखंड में मौसम का यही पैटर्न बना रहेगा। तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना फिलहाल नहीं है। उन्होंने बताया कि पलामू, लातेहार, लोहरदगा, रांची और खूंटी जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।
वहीं, दक्षिणी और पूर्वी झारखंड के जिले जैसे जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां, गोड्डा, देवघर और साहिबगंज में न्यूनतम तापमान लगभग 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। इन इलाकों में हल्की गर्मी के साथ शुष्क मौसम बने रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल किसी बड़े सिस्टम या बारिश के संकेत नहीं हैं। ऐसे में लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे सुबह-शाम ठंड से बचाव करें और दोपहर की गर्मी में सावधानी बरतें।
Read Also- Hazaribagh News : हजारीबाग के पूर्व DSO पर चलेगी विभागीय कार्यवाही

