रांची : राज्य में झारखंड प्रशासनिक सेवा के 61 से अधिक अधिकारी इन दिनों बिना पदस्थापन के प्रतीक्षा सूची में हैं। इनमें कई अधिकारी एक वर्ष से अधिक समय से वेटिंग में हैं, जबकि बड़ी संख्या में अधिकारी पिछले छह महीने से कार्मिक विभाग में योगदान देकर आदेश का इंतज़ार कर रहे हैं। इनमें बीडीओ भी शामिल हैं, जो ग्रामीण विकास विभाग में बिना काम के बैठे हैं।
हर दिन हाज़िरी, पर नहीं मिला दायित्व
ये अधिकारी रोज़ाना कार्मिक विभाग पहुंचकर उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें कोई प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, विभिन्न जिलों में बीडीओ, एसडीएम, डीडीसी और विशेष सचिव स्तर तक पद रिक्त हैं, फिर भी व्यापक स्तर पर पोस्टिंग आदेश जारी नहीं हो सके हैं।
इनमें पांच अधिकारी अब बनेंगे आईएएस
वेटिंग में शामिल अधिकारियों में पांच विशेष सचिव रैंक के अधिकारी ऐसे हैं, जिन्हें भारतीय प्रशासनिक सेवा में प्रोन्नति मिलनी है। इनके नामों को यूनियन पब्लिक सर्विस कमिशन से स्वीकृति मिल चुकी है और औपचारिक अधिसूचना का इंतजार है।
बीडीओ भी पोस्टिंग के इंतजार में
करीब एक दर्जन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) भी बिना कार्य के हैं। कार्मिक विभाग ने उनकी सेवाएं ग्रामीण विकास विभाग को सौंपी थीं, लेकिन अब तक उन्हें प्रखंड आवंटित नहीं किया गया है।
प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि स्थापना समिति की प्रस्तावित बैठक के बाद बड़े पैमाने पर पदस्थापन आदेश जारी हो सकते हैं।

