रांची :झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर 18 दिसंबर बुधवार को राजभवन मार्च किया जाएगा। यह मार्च प्रदेश कांग्रेस भवन रांची से सुबह 11:30 बजे शुरू होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा लगाए गए अडानी समूह के खिलाफ भ्रष्टाचार, धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोपों के खिलाफ जागरूकता फैलाना है। वहीं मणिपुर में जारी हिंसा के मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगना है।
मंत्री, सांसद सबकी होगी भागीदारी
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस मार्च में मंत्री, सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष, अग्रणी संगठन, विभाग और प्रकोष्ठों के प्रमुख नेताओं की भागीदारी होगी। यह मार्च लोकतंत्र में जवाबदेही और न्याय के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता को पुनः स्पष्ट करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में अमेरिकी न्याय विभाग ने गौतम अडानी और उनके सहयोगियों के खिलाफ भ्रष्टाचार, मनी लॉन्ड्रिंग और बाजार में हेरफेर के गंभीर आरोप लगाए हैं। ये भारतीय व्यापार और वित्त की प्रतिष्ठा को धूमिल करते हैं। इन आरोपों ने कॉरपोरेट गवर्नेंस और नियामक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। साथ ही सरकार द्वारा इस मुद्दे पर चुप्पी साधना और संसद में चर्चा को रोकने का प्रयास चिंता का विषय है।
मणिपुर में स्थिति हो रही गंभीर
उन्होंने यह भी बताया कि मणिपुर में जारी हिंसा, गोलीबारी और कर्फ्यू के कारण वहां के नागरिकों की स्थिति बेहद गंभीर हो गई है। इसके बावजूद, केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार इस स्थिति को संभालने में पूरी तरह विफल रही है। प्रधानमंत्री ने मणिपुर का दौरा नहीं किया जो इस संकट के प्रति उनकी गंभीरता को दर्शाता है।

