रांची। झारखंड में साइबर अपराध का एक और बड़ा मामला सामने आया है। अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर डालकर 19.85 लाख रुपये की ठगी करने वाले तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हजारीबाग जिले के रहने वाले रवि कुमार साव, सूरज कुमार ठाकुर और सागर कुमार यादव के रूप में हुई है। इनके पास से ठगी में इस्तेमाल किए गए सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
सीआईडी की डीएसपी नेहा बाला ने गुरुवार रात बताया कि इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर 3 नवंबर 2025 को साइबर क्राइम थाना, रांची में कांड संख्या 141/25 दर्ज किया गया था। प्राथमिकी में कहा गया है कि पीड़ित ने गूगल सर्च इंजन पर गेल इंडिया कस्टमर केयर का नंबर खोजा था। इसी दौरान साइबर अपराधियों ने फर्जी कस्टमर केयर नंबर अपलोड कर रखा था, जिसके झांसे में आकर पीड़ित ने संपर्क कर लिया। इसके बाद गैस कनेक्शन दिलाने के नाम पर उससे 19 लाख 85 हजार 73 रुपये की ठगी कर ली गई।
फर्जी लिंक भेजकर बैंक खाते से ट्रांसफर कर ली राशि
शिकायत के अनुसार, आरोपितों ने व्हाट्सएप के माध्यम से पीड़ित को एक फर्जी लिंक भेजा। जैसे ही पीड़ित ने उस लिंक पर प्रक्रिया पूरी की, उसके बैंक खाते से अवैध रूप से बड़ी रकम ट्रांसफर कर ली गई। पुलिस के अनुसार, पूरी वारदात बेहद सुनियोजित ढंग से अंजाम दी गई, जिसमें तकनीकी माध्यमों और डिजिटल प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग किया गया।
मामले की जांच के दौरान साइबर क्राइम थाना, रांची की टीम ने तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल ट्रेल के आधार पर आरोपितों की पहचान की। इसके बाद हजारीबाग पुलिस के सहयोग से तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। सीआईडी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह का नेटवर्क कितना बड़ा है और क्या इनका संबंध अन्य साइबर ठगी के मामलों से भी है।
सीआईडी ने लोगों से अपील की है कि किसी भी कंपनी का कस्टमर केयर नंबर गूगल पर देखकर तुरंत भरोसा न करें। आधिकारिक वेबसाइट या सत्यापित स्रोत से ही नंबर लें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।
Read Also:

