
Dumka : झारखंड के दुमका जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र में सोमवार को देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी 52 वर्षीय कांवरिया मुन्ना सिंह की मौत हो गई। वह अपने साथियों के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम और बाबा बासुकीनाथ धाम में जलाभिषेक करने के बाद लौट रहे थे। बताते हैं कि, मुन्ना सिंह देवरिया से करीब एक दर्जन कांवरियों के साथ पिकअप वैन से झारखंड पहुंचे थे। सोमवार को सभी श्रद्धालुओं ने पहले देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर और फिर बासुकीनाथ धाम में भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
रात करीब 12 बजे सभी कांवरिये जरमुंडी थाना क्षेत्र के सहारा गांव के पास अपनी पिकअप वैन सड़क किनारे खड़ी कर भोजन बनाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही दूसरी पिकअप वैन ने सड़क किनारे खड़े मुन्ना सिंह को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल मुन्ना सिंह को तत्काल जरमुंडी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें दुमका मेडिकल कॉलेज-अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा तथा मामले की जांच की जा रही है।
Read Also: Dumka Crime News: जामा के सिरसानाथ मंदिर से लाखों के आभूषण चोरी

