गिरिडीह, झारखंड : गिरीडीह जिले के गावां थाना परिसर में दो महिलाओं की हत्या के आरोप में गिरफ्तार युवक श्रीकांत चौधरी ने मंगलवार की शाम आत्महत्या की कोशिश की। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी को जेल भेजने की तैयारी चल ही रही थी कि उसने धारदार हथियार से अपना गला रेत लिया।
गंभीर हालत में पुलिस ने तत्काल उसे गावां अस्पताल पहुँचाया, जहाँ से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि श्रीकांत की निशानदेही पर ही चार दिनों से लापता दोनों महिलाओं सोनी देवी और रिंकू देवी का शव बरामद हुआ था।
घटना की पुष्टि करते हुए एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि घायल की जान बचाना इस समय पुलिस की पहली प्राथमिकता है। पूरे मामले पर प्रशासन की कड़ी नजर बनी हुई है।

