Jamshedpur : गोविंदपुर थाना अंतर्गत भोला बगान इलाके में मंगलवार सुबह एक नाले में अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने नाले में शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। गोविंदपुर थाना प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

युवक की पहचान नहीं हो सकी है। शव की हालत देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, यह स्पष्ट नहीं है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो पाएगी।
पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पुलिस ने कहा कि रिपोर्ट मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

