रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में सीएम आवास में राज्य सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्तों की नियुक्ति को लेकर चयन समिति की बैठक हो रही है। बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी तथा जलसंसाधन मंत्री हफीजुल अंसारी भी शामिल हैं।
कार्मिक विभाग ने करीब 200 से अधिक आवेदनों की स्क्रूटनी कर चयन समिति को सूची सौंपी है। इस सूची में सेवानिवृत्त न्यायाधीश, समाजसेवी, बुद्धिजीवी, पूर्व प्रशासनिक अधिकारी और पत्रकार वर्ग से जुड़े नाम शामिल बताए जा रहे हैं। चयन समिति पात्रता, अनुभव और सार्वजनिक जीवन में योगदान के आधार पर नामों पर विचार कर रही है। सूचना आयोग में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया लंबे समय बाद आगे बढ़ी है, इसलिए इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक के बाद चयनित नामों की अनुशंसा राज्यपाल को भेजी जा सकती है। नियुक्ति को लेकर झारखंड हाई कोर्ट में भी राज्य सरकार ने शपथ पत्र दिया है।

