Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में यूसिल कर्मी संजय श्रेष्ठ के पिता रतन बहादुर श्रेष्ठ (80) की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी है। यह वारदात राखा कॉपर कॉलोनी स्थित पुराने नर्सरी स्कूल परिसर में हुई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
गौरतलब है कि रतन बहादुर श्रेष्ठ बीती रात किसी काम से जादूगोड़ा से राखा कॉलोनी पहुंचे थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। सुबह स्थानीय लोगों ने नर्सरी स्कूल परिसर में एक वृद्ध व्यक्ति का खून से लथपथ शव देखा। घटनास्थल पर एक घायल महिला भी मिली, जिससे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया।घटना की सूचना मिलते ही जादूगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई प्रीतम राज अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। घायल महिला से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

