Jamshedpur : झारखंड के जमशेदपुर स्थित आजादनगर थाना क्षेत्र के कुली रोड में सोमवार रात बच्चे के नाकाम अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। स्थानीय निवासी मोहम्मद नौशाद ने बताया कि सोमवार रात एक स्कूटी पर सवार तीन अज्ञात युवक कुली रोड पहुंचे। इसी दौरान सड़क किनारे मौजूद एक बच्चे को उन्होंने जबरन उठाने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बदमाश बच्चे को लेकर भागने ही वाले थे कि बच्चा जोर-जोर से चिल्लाने लगा।
बच्चे की आवाज सुनते ही आसपास के लोग सतर्क हो गए और मौके की ओर दौड़े। लोगों की बढ़ती हलचल और शोर सुनकर आरोपी घबरा गए और बच्चे को वहीं छोड़कर स्कूटी से फरार हो गए। गनीमत रही कि बच्चा महफूज है और उसे किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई।बताया जा रहा है कि पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि तीन युवक स्कूटी से आते हैं और बच्चे को उठाने का प्रयास करते हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और रात के समय सख्ती बरतने की मांग की है।मामले की सूचना मिलते ही आजादनगर थाना की पुलिस को लिखित शिकायत दी गई।
पुलिस ने केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपियों की पहचान में जुट गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।

