Jamshedpur : जमशेदपुर के डीसी आफिस सभागार में शनिवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। इसमें पटमदा के 45 स्कूलों में सेंट्रलाइज्ड किचन से मिड-डे मील भेजने का फैसला किया गया है। बैठक में जिले में संचालित शैक्षणिक योजनाओं एवं अभियानों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान सिकुई-दिकुई अभियान, ई-विद्यावाहिनी पोर्टल में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति, वॉकेशनल एजुकेशन इनरॉलमेंट, निपुण भारत मिशन, इको क्लब प्लांटेशन, एसएमसी बैठकों, मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना, विद्यार्थियों के बैंक खातों की अद्यतन स्थिति और विद्यालयों के आधारभूत संरचना विकास जैसे अहम बिंदुओं पर क्रमवार समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर शिक्षकों और विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत ऑनलाइन उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं U-DISE+ पोर्टल में करीब 500 विद्यार्थियों का प्रोफाइल अपडेट नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए संबंधित पदाधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर इसे अद्यतन कराने का निर्देश दिया गया। सिकुई-दिकुई अभियान की समीक्षा करते हुए बोर्ड परीक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों की उपस्थिति, नियमित रिवीजन और शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार पर फोकस करने के निर्देश दिए गए।
निपुण भारत मिशन के तहत कक्षा 2 और 3 के बच्चों के बेसलाइन सर्वे की समीक्षा में बताया गया कि इसके चार चरण पूरे हो चुके हैं, जबकि शेष दो चरणों को तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया। वहीं डहर योजना के अंतर्गत ड्रॉप-आउट बच्चों के सर्वे कार्य को लेकर उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की खानापूर्ति नहीं होनी चाहिए और वास्तविक डाटा एकत्र किया जाए। बैठक में विद्यालयों की आधारभूत संरचना को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। उपायुक्त ने भवनहीन विद्यालयों, जर्जर भवनों, मरम्मतीकरण योग्य भवनों, पेयजल और शौचालय निर्माण से संबंधित अद्यतन सूची शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इसके अलावा, एमडीएम स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में पटमदा प्रखंड के 45 विद्यालयों में विद्यार्थियों को सेंट्रलाइज्ड किचेन के माध्यम से मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को शिक्षा से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में बेहतर आपसी समन्वय, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने का निर्देश दिया, जिससे जिले की शैक्षणिक व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके।बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, सभी बीईईओ, बीपीओ समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
Read also – राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का नगरागमन 29 दिसंबर, एनआईटी जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत में करेंगी शिरकत

