लातेहार : झारखंड के लातेहार जिले के बरवाडीह अंचल में पदस्थापित अंचल निरीक्षक सुरेश राम को एसीबी (एंटी करप्शन ब्यूरो) की टीम ने गुरुवार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सुरेश राम एक महिला से जमीन के मोटेशन के लिए रिश्वत मांग रहे थे, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।
महिला की शिकायत पर की गई कार्रवाई
एसीबी के एसपी अंजनी अंजन के मुताबिक, बरवाडीह की एक महिला ने एसीबी पलामू टीम से शिकायत की थी कि उसने 30 डिसमिल जमीन खरीदी थी, और इस जमीन का मोटेशन कराने के लिए अंचल निरीक्षक सुरेश राम ने उनसे 1 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। इसके अलावा, उन्होंने महिला से 20 हजार रुपये एडवांस देने के लिए कहा था।
एसीबी ने महिला को भेजा पैसे के साथ
शिकायत के बाद, एसीबी की एक टीम ने मामले की पूरी जांच की और जब यह पूरी तरह से सत्य पाया गया, तो एसीबी ने सुरेश राम को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई। गुरुवार को महिला को केमिकल लगे पैसे देकर सुरेश राम के पास भेजा गया। जैसे ही आरोपित ने पैसे अपने हाथ में लिए, एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार यह गिरफ्तारी एक बड़ी सफलता मानी जा रही है, जो भ्रष्टाचार के खिलाफ झारखंड में चल रही मुहिम को बल देगी।

