Dhanbad : एलपीजी उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेट्रोलियम मंत्रालय ने अहम निर्देश जारी किया है। इसके तहत सोमवार को साप्ताहिक अवकाश रहने के बावजूद बिहार और झारखंड की सभी गैस एजेंसियां खुली रहेंगी। इस संबंध में इंडियन आयल कार्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के बिहार–झारखंड स्टेट आफिस ने सभी एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स को निर्देश भेज दिया है।
निर्देश के अनुसार सोमवार को एजेंसियों में सामान्य दिनों की तरह कामकाज होगा। उपभोक्ताओं को सिलेंडर रहने पर उसकी आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी, वहीं एजेंसी के कर्मी ग्राहकों को एलपीजी के सुरक्षित उपयोग और समय पर बुकिंग से जुड़े जरूरी सुझाव भी देंगे।
आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के जरिए मंत्रालय का उद्देश्य है कि उपभोक्ताओं को गैस से जुड़ी सेवाएं बिना किसी बाधा के मिलती रहें और सुरक्षा संबंधी जानकारी भी सीधे लोगों तक पहुंचे। साथ ही हाल में उत्पन्न हुई पैनिक स्थिति को भी दुरुस्त किया जा सके।
झारखंड में हैं 592 वितरक
एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के डा रामनरेश सिन्हा ने बताया कि आईओसीएल से मिले निर्देश के बाद सभी एजेंसियों को सोमवार को खोलने की तैयारी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को गैस वितरण के साथ-साथ सुरक्षा और सही उपयोग को लेकर भी जागरूक किया जाएगा।
बताया गया कि बिहार और झारखंड में तीनों पेट्रोलियम कंपनियों के करीब तीन करोड़ एलपीजी उपभोक्ता हैं। वहीं दोनों राज्यों में कुल 2032 एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स कार्यरत हैं। इनमें से अकेले झारखंड में 592 वितरक हैं।
मंत्रालय के निर्देश से उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत
मंत्रालय के इस निर्देश से बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि साप्ताहिक अवकाश के दिन भी गैस एजेंसियों के खुले रहने से सिलेंडर की उपलब्धता और सेवा व्यवस्था सुचारु बनी रहेगी।
Read Also: Jamshedpur Black Marketing : गैस संकट के बीच जमशेदपुर में कालाबाजारी, 2200 का इंडक्शन वसूल रहे 4000

