Jamshedpur : नगर निकायों के चुनाव के लिए वार्ड आरक्षण का खाका तेजी से तैयार किया जा रहा है। पूर्वी सिंहभूम जिले में मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और चाकुलिया नगरपालिका के चुनाव के लिए वार्ड आरक्षण तैयार हो रहा है। जिला पंचायत राज कार्यालय की तरफ से अंचल कार्यालय को इस बारे में गुरुवार को रिमाइंडर जारी किया गया है। इसमें अंचल कार्यालयों से कहा गया है कि वह संबंधित नगर निकायों का वार्ड आरक्षण दिसंबर के अंत तक हर हाल में तैयार कर जिला पंचायती राज विभाग के कार्यालय को भेज दें।
गौरतलब है कि पंचायती राज विभाग ने जिला पंचायती राज विभाग से कहा है कि वह हर हाल में दिसंबर के अंत तक वार्ड आरक्षण का चार्ट तैयार कर रांची में राज्य निर्वाचन आयोग को भेज दें। ताकि, यहां से क्रास चेक करने के बाद इसे अंतिम रूप से जनवरी के पहले हफ्ते तक जारी किया जा सके। पंचायती राज विभाग के सूत्रों के अनुसार जनवरी के पहले हफ्ते में या मध्य तक रांची से पूरे झारखंड के स्थानीय निकायों के आरक्षण का खाका जारी किया जाएगा।
जिला पंचायती राज कार्यालय में आने के बाद इस वार्ड आरक्षण के चार्ट की जांच की जाएगी। जांच में अगर कहीं कोई खामी पाई जाती है तो इसे वापस अंचल कार्यालय को भेज दिया जाएगा। अंचल कार्यालय को वह खामी भी बता दी जाएगी जो वहां हुई है। इसके बाद अंचल कार्यालय इस त्रुटि को सुधार कर वापस देंगे। इसके बाद पंचायती राज कार्यालय इस चार्ट को दोबारा चेक करेगा।
इसके बाद वार्ड आरक्षण के जितने भी चार्ट ठीक पाए जाएंगे उन्हें डीसी ऑफिस भेज दिया जाएगा। डीसी ऑफिस में एक बार फिर इस वार्ड आरक्षण के चार्ट को क्रास चेक किया जाएगा। क्रास चेकिंग के बाद इसे पंचायती राज विभाग रांची को भेज दिया जाएगा। रांची में पंचायती राज विभाग फिर इसे चेक करेगा और सही पाए जाने के बाद नगर निकाय वार इस आरक्षण चार्ट को जारी कर दिया जाएगा।
मानगो नगर निगम का आरक्षण चार्ट मानगो अंचल में तैयार हो रहा है। इसी तरह, जुगसलाई नगर परिषद का वार्ड आरक्षण चार्ट जमशेदपुर अंचल और चाकुलिया नगर पंचायत का वार्ड आरक्षण चार्ट चाकुलिया अंचल तैयार कर रहा है। पंचायत राज विभाग की तैयारी यह है कि हर हाल में वार्ड आरक्षण चार्ट को जनवरी के मध्य तक जारी कर दिया जाए।
मानगो में मेयर का पद होगा अनारक्षित
सभी नगर निकायों में मेयर पद का आरक्षण चार्ट रांची में राज्य निर्वाचन आयोग तैयार कर रहा है। सूत्रों की मानें तो मानगो नगर निगम में मेयर का पद अनारक्षित होगा। सूत्र बताते हैं कि मानगो नगर निगम के मेयर पद के कतिपय उम्मीदवार पंचायती राज विभाग के अधिकारियों के संपर्क में हैं और वहां से उन्हें इस बात का इशारा दिया गया है कि यहां के मेयर का पद अनारक्षित हो सकता है। पहले झारखंड में यह नियम था कि स्थानीय निकाय व पंचायत के चुनावों में सभी एकल पद अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित होंगे। मगर, इधर सरकार की नीति में बदलाव हुआ है और अब एकल पद पर भी नियमानुसार आरक्षण दिया जा रहा है।

