RANCHI : सोमवार को झारखंड की राजधानी रांची स्थित मोरहाबादी मैदान में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने झंडोत्तोलन किया। उन्होंने सैनिक व पुलिस पदाधिकारी, सेना व अर्द्धसैनिक बलों के जवान और राजकीय कार्यक्रम में शामिल लोगों को जोहार, नमस्कार कह कर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस के इस पावन पर्व पर मैं समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई देता हूं। ये हम सभी के लिए अपने राष्ट्र और अपनी समृद्धता का गौरवगान करने का दिन है। आज स्वतंत्रता सेनानियों को भी याद करने का दिन है, जिन्होंने अपने त्याग और बलिदान से हमें आजादी दिलाई और इस गौरवशाली गणतंत्र का निर्माण किया।
शहीदों को किया नमन
उन्होंने कहा कि मैं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, पंडित जवाहरलाल नेहरू, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर, सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे महान देशभक्तों को हृदय की गहराइयों से नमन करता हूं। इसके साथ ही मैं झारखंड के वीर सपूत धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, बाबा तिलका मांझी, वीर सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, जतरा टाना भगत, नीलाम्बर-पीताम्बर, शेख भिखारी, टिकैत उमराव सिंह, पाण्डेय गणपत राय तथा शहीद विश्वनाथ शाहदेव जैसे अमर वीरों को भी नमन करता हूं।

भारत के सुनहरे भविष्य की आधारशिला
राज्यपाल ने कहा कि भारत के सुनहरे भविष्य की आधारशिला 26 जनवरी, 1950 को हमारे संविधान को लागू करने के साथ ही रख दी गई थी। हमारा संविधान अतीत के अनुभवों, वर्तमान की जरूरतों और भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रख कर बनाया गया, दुनिया का सर्वश्रेष्ठ संविधान है। ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना से प्रेरित हमारा संविधान एक पवित्र दस्तावेज है। इसे एक ऐसे राष्ट्र के नागरिकों ने तैयार किया है जिनकी भावनाओं के मूल में विश्व बंधुत्व और मानव कल्याण की सोच है।
झारखंड विकास की यात्रा पर अग्रसर
उन्होंने बताया कि झारखंड आज विकास की यात्रा पर निरंतर अग्रसर है और राज्य में प्रत्येक क्षेत्र में नए अवसर सृजित हो रहे हैं। आधारभूत संरचना, ऊर्जा, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि जैसे क्षेत्रों में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयास राज्य को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बना रहे हैं। खनिज संसाधनों से समृद्ध झारखंड ‘रत्नगर्भा’ कहलाता है और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत @2047’ के विजन में झारखंड अपनी अग्रणी भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह सक्षम है।

