Home » Jharkhand News: रांची के डिस्को बार में हत्याकांड का खुलासा, सीसीटीवी ने खोली कार चालक रोशन गुप्ता की पोल

Jharkhand News: रांची के डिस्को बार में हत्याकांड का खुलासा, सीसीटीवी ने खोली कार चालक रोशन गुप्ता की पोल

गढ़वा जिले के बड़गड़ थाना क्षेत्र के काला खजूरी गांव का रहनेवाला है रोशन.

by Reeta Rai Sagar
Ranchi Disco bar murder.
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Garhwa (Jharkhand): रांची के लालपुर चौक स्थित मून डिस्को बार के बाहर कार से कुचलकर की गई युवक की हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मृतक अंकित कुमार सिंह को कुचलने वाला कार चालक रोशन गुप्ता ही है। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी है।

बता दें कि गढ़वा जिले के मझिआंव थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिगांवा गांव निवासी अरुण सिंह के 26 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार सिंह की चार जनवरी की रात हत्या कर दी गई थी। यह घटना रांची के लालपुर चौक स्थित मून डिस्को बार के बाहर हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की। जांच में सामने आया कि सफेद रंग की कार (जेएच 01 जीडी 2216) को रोशन गुप्ता चला रहा था और उसी कार से अंकित को जानबूझकर कुचल दिया गया।

आरोपी के परिजनों से पूछताछ

सीसीटीवी फुटेज में रोशन गुप्ता की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। बताया जा रहा है कि आरोपित रोशन गुप्ता गढ़वा जिले के बड़गड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत काला खजूरी गांव का निवासी है। मंगलवार को गढ़वा पुलिस ने उसके घर पर दबिश दी, लेकिन वह फरार मिला। इस दौरान पुलिस ने उसके माता-पिता से पूछताछ कर रोशन के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई।

क्या है मामला?

चार जनवरी की रात करीब नौ बजे सत्यप्रकाश सिंह अपने भांजे अंकित कुमार सिंह और उसके दोस्तों के साथ मून डिस्को बार गए थे। रात करीब 12 बजे जब वे बार से बाहर निकले, तभी दूसरे समूह के लोगों ने आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। इसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।

कार से पहले धक्का मारा, उसके बाद कुचल दिया

उसी दौरान सड़क पर खड़ी सफेद कार से अंकित और उसके दोस्तों को धक्का मारा गया, जिससे अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी आकाश कुमार भी जख्मी हुआ। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने दोबारा कार चढ़ाकर अंकित को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। घायल अंकित को सदर अस्पताल, रांची ले जाया गया, जहां से उसे रिम्स रेफर किया गया। रिम्स में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद भय के कारण मृतक के मामा सत्यप्रकाश सिंह एवं उसके दोस्त शव को लेकर गढ़वा आ गए।

पांच जनवरी को गढ़वा थाना में जीरो एफआईआर

पांच जनवरी को गढ़वा थाना में जीरो एफआईआर दर्ज कराई गई। इसके बाद गढ़वा सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया और कांड से संबंधित दस्तावेज आगे की कार्रवाई के लिए लालपुर थाना, रांची भेजे गए। मृतक के दोस्त अर्णव उर्फ सेजल ने पहले ही रमनदीप सिंह(लेस्लीगंज, पलामू), रोशन गुप्ता, अंशुल, विक्की खान समेत चार-पांच अन्य लोगों की संलिप्तता का आरोप लगाया था। सीसीटीवी फुटेज ने हत्याकांड में रोशन गुप्ता की भूमिका को स्पष्ट कर दिया है।

Also Read: National School Hockey Competition: राष्ट्रीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता में झारखंड की बेटियों का जलवा, दो स्वर्ण पदक जीतकर रचा इतिहास

Related Articles