Simdega/UP : उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में बड़ी घटना सामने आई है। झारखंड के सिमडेगा जिले की एक युवती के साथ हापुड़ में पहले दुष्कर्म किया गया और बाद में उसका अश्लील वीडियो भी बनाया गया। वीडियो बनाने के बाद युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद हत्यारों ने युवती के शव को सूटकेस में भर कर गन्ने के खेत में फेंक दिया। पुलिस ने इस जघन्य वारदात में शामिल एक दंपती को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि युवती हापुड़ के पिलखुवा थाना क्षेत्र के गांव डूहरी कट निवासी अंकित कुमार के यहां घर का काम करती थी। युवती को मेड का काम करने के लिए ही सिमडेगा से हापुड़ ले जाया गया था। आरोप है कि अंकित कुमार ने युवती के साथ दुष्कर्म किया और उसका अश्लील वीडियो बना लिया। जब युवती ने पुलिस में शिकायत की धमकी दी, तो डर के मारे अंकित और उसकी पत्नी कलिस्ता उर्फ काली ने मिलकर डंडे से पीट-पीटकर युवती की हत्या कर दी। कलिस्ता भी मूल रूप से सिमडेगा की रहने वाली है।
गन्ने के खेत में सूटकेस से मिला कंकाल
मामला का पता एक दिसंबर को तब चला, जब पिलखुवा थाना क्षेत्र में एनएच-9 के पास रामा अस्पताल के सामने गन्ने के खेत में एक सूटकेस के अंदर युवती का कंकाल बरामद हुआ। पहचान कराने के लिए पुलिस ने दिल्ली तक जांच की और पोस्टर भी लगाए गए थे।
दूसरी युवती की गवाही से खुला राज
मामले का खुलासा तब हुआ जब सिमडेगा की ही एक अन्य युवती, जो दिल्ली के विवेक विहार इलाके में एक कारोबारी के घर घरेलू सहायिका के तौर पर काम करती है, उसने पुलिस को बताया कि उसने हत्या की घटना देखी थी और डर के कारण चुप थी। उसी की जानकारी के आधार पर पुलिस ने मृतका की पहचान सिमडेगा जिले के ठेठाईगर थाना क्षेत्र की युवती के रूप में की है।
आरोपित दंपती गिरफ्तार
पुलिस ने अंकित कुमार और उसकी पत्नी कलिस्ता उर्फ काली को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त डंडा, तीन मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि दंपती झारखंड की गरीब युवतियों को काम का झांसा देकर यूपी लाते थे।

