रामगढ़, 23 जून 2024: झारखंड युवा कांग्रेस की ओर से रामगढ़ में “नेता बनो, नेता चुनो” अभियान एवं सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया गया। यह आयोजन रामगढ़ जिला युवा कांग्रेस के तत्वाधान में हुआ, जिसमें रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक श्रीमति ममता देवी, भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक श्री प्रदीप मान पेरी एवं राष्ट्रीय समन्वयक रजत थापा विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।
सदस्यता अभियान से युवा ले सकते हैं नेतृत्व में कदम
कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने जोर देकर कहा कि यह अभियान सिर्फ सदस्यता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नेतृत्व की ओर पहला कदम है। झारखंड का हर जागरूक युवा अब कांग्रेस परिवार से जुड़कर बदलाव का चेहरा बन सकता है। यह अभियान युवाओं को राजनीति में सक्रिय भागीदारी निभाने और एक सशक्त नेता के तौर पर आगे बढ़ने का मौका देगा।
“नेता बनो, नेता चुनो” से गूंजे रामगढ़ के सियासी गलियारे
मंच से यह भी बताया गया कि यह अभियान कार्यकर्ता से नेता बनने का सीधा मार्ग है। इसके माध्यम से राज्यभर में युवाओं को आगे लाने और संगठन में मजबूत स्थान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। रामगढ़ में हुए लोकार्पण कार्यक्रम में जिले के सैकड़ों युवाओं ने हिस्सा लिया और सदस्यता अभियान में उत्साहपूर्वक नामांकन कराया।
भविष्य में राजनीति में युवा निभाएंगे अहम भूमिका
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि आने वाले चुनावों में युवा शक्ति एक प्रमुख ताकत बनेगी। “नेता बनो, नेता चुनो” जैसे अभियान से युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित होगी, जो संगठन और राज्य दोनों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी।

