RANCHI: जेपीएससी आफिस के बाहर सोमवार को सैकड़ों की संख्या में अभ्यर्थियों ने विरोध प्रदर्शन। अभ्यर्थियों ने कहा कि 2024 की वैकेंसी में संशोधन और आयु सीमा में विशेष छूट दी जानी चाहिए। साथ ही कहा कि वर्तमान नियमों के कारण बड़ी संख्या में योग्य उम्मीदवार प्रतियोगिता प्रक्रिया से बाहर हो रहे हैं, जो न केवल अनुचित है बल्कि अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ अन्याय भी है।

हाथों में ले रखी थी तख्ती
प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर अपनी मांगों को रखा। अभ्यर्थियों का कहना है कि बीते कई वर्षों से विभिन्न प्रशासनिक और अन्य कारणों से प्रतियोगी परीक्षाएं समय पर आयोजित नहीं हो सकीं। परीक्षा में हुई इस देरी के कारण कई अभ्यर्थी आयु सीमा पार कर चुके हैं, जबकि वे पूरी तरह योग्य हैं। ऐसे में अभ्यर्थियों ने 2024 की वैकेंसी में आयु सीमा में विशेष छूट देने की मांग की है, ताकि सभी पात्र उम्मीदवारों को समान अवसर मिल सके।
आयोग पर ये लगाया आरोप
प्रदर्शनकारियों का यह भी आरोप है कि जेपीएससी ने समय-समय पर भर्ती नियमों और शर्तों में बदलाव किए। लेकिन अभ्यर्थियों के हित में कोई ठोस और स्थायी निर्णय नहीं लिया गया। इस वजह से ही अभ्यर्थियों को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा। प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों ने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और वे केवल लोकतांत्रिक तरीके से अपनी जायज मांगों को आयोग और राज्य सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं।
सुरक्षा के थे पुख्ता इंतजाम
इससे पहले अभ्यर्थियों के प्रदर्शन को लेकर जेपीएससी आफिस के बाहर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी भी तैनात थे। हालांकि प्रदर्शन के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली और आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे अपने आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे।
READ ALSO: Chatra Crime : चतरा DSP व दो थाना प्रभारियों को हाई कोर्ट में सशरीर किया गया तलब

