Jamshedpur : शहर में जल प्रबंधन को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। कदमा वाटर टावर में आज स्वचालित जल आपूर्ति प्रणाली का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस नई व्यवस्था से क्षेत्र के लोगों को अब तय समय पर नियमित और भरोसेमंद जल आपूर्ति मिल सकेगी।इस प्रणाली का उद्घाटन टाटा स्टील के चीफ कॉर्पोरेट सर्विसेज प्रणय सिन्हा ने किया।
इस मौके पर टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर, टाटा स्टील यूटिलिटीज श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय, चीफ सीएस (डिज़िग्नेट) वरुण बजाज और जल एवं अपशिष्ट जल सेवाओं के महाप्रबंधक संजीव झा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।कदमा वाटर टावर से फिलहाल 34 वितरण वाल्व के जरिए करीब 18,500 घरों को पानी सप्लाई किया जाता है।
नई स्वचालित प्रणाली लागू होने के बाद अब एक्ट्यूएटर से संचालित वाल्व तय समय के अनुसार अपने आप काम करेंगे। इससे जल आपूर्ति में पारदर्शिता आएगी और लोगों को समय पर पानी मिलना सुनिश्चित होगा।गौरतलब है कि टाटा स्टील यूआइएसएल अब तक सेंट्रल, सोनारी और कदमा इन तीन वाटर टावरों को सफलतापूर्वक ऑटोमेट कर चुका है। यह पहल स्मार्ट सिटी के तहत आधुनिक जल प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं का अनुभव और बेहतर होगा।

