Jamshedpur : कपाली ओपी क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। हासाडुंगरी पुल के पास पुलिस ने एक महिला को 15.99 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार रविवार शाम नियमित अपराध जांच के दौरान एक संदिग्ध स्कूटी को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही स्कूटी चला रही महिला भागने लगी, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए हासाडुंगरी स्थित काला ईंट भट्ठा के पीछे घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार महिला हासाडुंगरी की रहने वाली रेशमा परवीन ( 44 वर्ष) है। महिला पुलिस पदाधिकारी द्वारा की गई तलाशी के दौरान उसके पास से 15.99 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से नीले रंग की सुजुकी एक्सेस 125 स्कूटी (संख्या JH05DJ 2883) और एक सफेद रंग का एप्पल आईफोन 13 मोबाइल फोन भी जब्त किया है। बरामद मादक पदार्थ के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(b), 21(b) और 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार महिला को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि महिला किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ी है या नहीं और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस कार्रवाई में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में गठित टीम की अहम भूमिका रही। टीम में एसआई अनिता सोरेन (अनुसंधानकर्ता), एसआई रंजीत कुमार सिंह, एएसआई बशीर खां तथा टाइगर मोबाइल के जवान बिपुल कुमार तिवारी और दस्तगीर आलम शामिल थे। पुलिस प्रशासन ने इस कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ अभियान की बड़ी उपलब्धि बताया है।
Read also Jamshedpur News : मानगो बनेगा नया पुलिस अनुमंडल, उच्चस्तरीय समिति ने दी स्वीकृति

