Khunti : झारखंड के खूंटी जिले में अपराधियों ने एक आदिवासी कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। कर्रा थाना क्षेत्र के लोधमा टीओपी अंतर्गत गुयू गांव में रविवार को आदिवासी कांग्रेस के प्रखंड महासचिव और सक्रिय कार्यकर्ता 25 वर्षीय सुमित तिग्गा की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार सुमित तिग्गा अपने दो दोस्तों के साथ गुयू गांव के पास जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने उन पर हमला किया और सुमित तिग्गा के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना के बाद उनके परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल रांची स्थित देवनिका अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही कर्रा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से बीयर की खाली बोतलें और सिगरेट के टुकड़े बरामद किए हैं।
पुलिस मृतक के परिजनों और साथ मौजूद दोस्तों से पूछताछ कर रही है। हत्या के पीछे के कारणों को लेकर राजनीतिक रंजिश, आपसी विवाद सहित सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्र में सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
सुमित तिग्गा कांग्रेस पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता थे और इलाके में उनकी अच्छी पहचान थी। उनकी हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। सोमवार को गुयू गांव में सन्नाटा पसरा रहा।
Also Read: Palamu Murder : पलामू में महिला की कुदाल-बटखरे से सिर पर वार कर नृशंस हत्या, ससुराल पक्ष फरार

