
खूंटी : झारखंड के खूंटी जिले में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से एक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में साइकिल सवार सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान में चल रहा है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शनिवार को पुलिस ने इस घटनी की जानकारी दी।
तीन की मौत, एक युवक गंभीर
अड़की थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि हादसे में साइकिल सवार पूर्ण मुंडा (47), मोटरसाइकिल चालक अमृत पातर (25) और पीछे बैठे आयुष पातर (17) की मौत हो गई। वहीं, मोटरसाइकिल पर सवार सुनील पातर (25) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
अड़की थाना क्षेत्र में हुआ हादसा
पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना शुक्रवार शाम अड़की थाना क्षेत्र के जेनाडीह गांव के पास सिंदरी-डोरिया मार्ग पर हुई। हादसे के समय मोटरसाइकिल पर चालक समेत तीन युवक सवार थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और पीछे से एक साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि चारों लोग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया।
तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोटरसाइकिल तेज गति में थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसी कारण बाइक सीधे साइकिल से जा टकराई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Read ALso- Dumka Road Accident : दुमका-भागलपुर स्टेट हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराई बाइक, दो युवकों की गई जान

