
पलामू : लातेहार जिले से बच्चों को बिहार में ले जाकर काम कराने वाले गिरोह के खिलाफ पलामू पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मानव तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए 27 नाबालिग बच्चों को मुक्त कराया है। इन नााबलिग बच्चों में लड़कियों की संख्या अधिक है। उन्हें खेतों में धान की रोपाई कराने के लिए बिहार ले जाया जा रहा था। ये सभी बच्चे लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी पलामू के पड़वा और नावाबाजार थाना क्षेत्र से नाबालिग बच्चे-बच्चियों को गाड़ियों में भरकर बिहार ले जाया जा रहा है। शुक्रवार देर शाम पुलिस को जैसे ही खबर मिली, वह अलर्ट हो गई। पड़वा थाना थाना प्रभारी अंकित कुमार की अगुवाई में टीम में गठित कर गाड़ी को रोका गया। यहां से 14 नाबालिगों को बरामद किया गया।
वहीं नावाबाजार थाना के प्रभारी संजय कुमार यादव की टीम ने दूसरी गाड़ी को पकड़ा। यहां से 13 नाबालिगों का रेस्क्यू हुआ। चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सदस्य रवि शंकर ने बताया कि शुरुआती जांच और पूछताछ में पता चला है कि इन सभी मासूमों को बिहार के सासाराम इलाके में धान रोपने के काम में लगाने के लिए ले जाया जा रहा था।
इस मामले में पुलिस ने बिहार के रहने वाले कुछ संदिग्ध तस्करों को हिरासत में लिया है, जिनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। साथ ही बच्चों के माता-पिता को भी रेस्क्यू की जानकारी दे दी गई है।

