
Jamshedpur : जमशेदपुर में शनिवार को तड़के और शुक्रवार को देर रात दो अलग-अलग सड़क हादसे सामने आए। दोनों घटनाओं में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
खासमहल में पेड़ से टकराया अनियंत्रित ट्रक
टाटानगर के खासमहल क्षेत्र में शनिवार तड़के करीब चार बजे एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के बीच स्थित पेड़ से जा टकराया। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक ने अचानक सामने आए दो बाइक सवारों को बचाने का प्रयास किया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक सीधे पेड़ से टकरा गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस के अनुसार हादसे के बावजूद यातायात सामान्य बना हुआ है।
टेल्को में नाली में जा घुसी कार

Telco car accident
दूसरी घटना शुक्रवार शाम करीब 7:50 बजे टेल्को थाना क्षेत्र के एन-38 मोड़ के पास हुई। एक हुंडई कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी नाली में जा घुसी।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था, जिसके कारण उसने कार से नियंत्रण खो दिया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि यदि चिकित्सीय जांच में चालक के नशे में होने की पुष्टि होती है, तो उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

