
चाईबासा : रविवार 12 जुलाई को होने वाली पॉलिटेक्निक प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाने के लिए शनिवार को जिला समाहरणालय सभागार में एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त मनीष कुमार ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
3 केंद्रों पर 1,585 परीक्षार्थी शामिल होंगे
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि इस बार चाईबासा शहर में कुल 3 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1,585 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा को लेकर प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन से लेकर परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी तक के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
मानसून को देखते हुए विशेष व्यवस्था: भीगे छात्रों के लिए चेंजिंग रूम
इस बार मानसून के मौसम को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने संवेदनशीलता दिखाते हुए विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि बारिश के कारण परीक्षार्थी भीग जाते हैं, तो उनके लिए परीक्षा केंद्र परिसर में ही कपड़ों को बदलने के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था हो। केंद्र पर अतिरिक्त छतरी और तौलिया उपलब्ध कराए जाएं ताकि छात्र बिना किसी मानसिक तनाव या असुविधा के परीक्षा दे सकें।
सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं पर जोर
बैठक में महिला परीक्षार्थियों की गरिमा का विशेष ध्यान रखने की बात कही गई। इसके लिए प्रवेश द्वार पर महिलाओं की जांच के लिए अलग से घेरा और महिला कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।
सभी केंद्रों पर अन्य व्यवस्थाएं
* सघन चेकिंग की व्यवस्था होगी।
* मेडिकल टीम, एम्बुलेंस और प्राथमिक उपचार की सुविधा रहेगी।
* शुद्ध पेयजल, साफ शौचालय और निर्बाध बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
उपायुक्त ने अनियमितता या गड़बड़ी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की दी चेतावनी
सभी दंडाधिकारी और केंद्राधीक्षक आपस में बेहतर तालमेल के साथ काम करें। अगर कहीं भी कोई अनियमितता या गड़बड़ी पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों और दोषियों पर सीधी व कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा, अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, ट्रेजरी ऑफिसर सुमित कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार समेत कई जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे। वहीं, परीक्षा में तैनात सभी दंडाधिकारी और केंद्राधीक्षक इस बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े रहे।
Read Also- Jamshedpur news : खेलकुद एथलेटिक्स 2026 के व्यवस्था के निमित्त प्रांतीय टोली का हुआ आगमन

