Kodarma : कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में शहर के व्यस्ततम इलाके में झंडा चौक के पास एक ज्वेलर्स दुकान को चोरों ने निशाना बनाया है। चोरों ने शिवम ज्वेलर्स की दुकान की दीवार में सेंधमारी कर दी और अंदर घुसकर 50 लाख रुपए से अधिक के सोने और चांदी के जेवरात पार कर दिए हैं।

शनिवार को मालिक लौटे तब हुई घटना की जानकारी

घटना की जानकारी दुकान मालिक को शनिवार को तब हुई जब वह झुमरी तिलैया लौटे और अपनी दुकान खोली। अंदर सारा सामान बिखरा देख वह समझ गए की चोरी हुई है। दीवार की तरफ देखा तो एक बड़ा छेद किया गया था। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया है। दुकान में सीसीटीवी कैमरा नहीं था। इसके चलते पुलिस को आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालने पड़ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मुखबिरों का जाल फैला दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं। जल्द ही चोरों का पता लगाकर घटना का खुलासा किया जाएगा। बताते हैं कि झुमरीतिलैया में शिवम ज्वेलर्स नाम से अशोक भदानी की दुकान है।
नाई के छठियारी कार्यक्रम में गए थे दुकानदार
दुकान मालिक अशोक भदानी अपने नाती के छठियारी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मंगलवार को शहर से बाहर गए थे। इसलिए दुकान तब से बंद थी। शनिवार को वह लौटे तब उन्हें चोरी का पता चला। बताते हैं कि ज्वेलर्स दुकान के ठीक बगल में एक कबाड़ी की दुकान है। यह दुकान कई साल से बंद पड़ी है। आशंका जताई जा रही है कि चोर पहले इस दुकान में घुसे और इसके बाद उन्होंने ज्वेलर्स दुकान की दीवार तोड़ी और चोरी की यह घटना अंजाम दी है।
घटना किस दिन हुई अभी तक नहीं चल सका पता
इस घटना से कारोबारियों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि झंडा चौक के पास 24 घंटे पुलिस तैनात रहती है। इसके बाद चोरी की घटना हो गई और किसी को कुछ पता नहीं चला। पुलिस का कहना है की चोरी की घटना मंगलवार से लेकर शुक्रवार के बीच में हुई है। घटना किस दिन हुई इस बात का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की तहकीकात की जा रही है।

