जमशेदपुर : झारखंड स्थित कोल्हान विश्वविद्यालय ने स्नातक पांचवें सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम मात्र 14 दिनों में घोषित कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विश्वविद्यालय ने 53 हजार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन रिकॉर्ड समय में पूरा कराते हुए परिणाम जारी करने की पहल की। विश्वविद्यालय के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब इतनी बड़ी संख्या में कॉपियों की जांच इतने कम समय में पूरी की गई है।
कुलपति ने नए वर्ष पर अपने संदेश में विलंबित शैक्षणिक सत्र को नियमित करना अपनी प्राथमिकता बताया था। परीक्षा परिणाम का त्वरित प्रकाशन उसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस उपलब्धि से छात्रों और शिक्षकों के बीच यह उम्मीद जगी है कि आगामी सत्र से स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष में समय पर नामांकन प्रक्रिया शुरू हो सकेगी। मालूम हो कि सत्र 2026 डेढ़ साल की देरी से चल रहा है। ऐसे में शेष तीन सेमेस्टर की परीक्षाओं को जल्द आयोजित करने और उसका परिणाम समय पर जारी करना होगा।
3 फरवरी तक ली गई थी परीक्षा
कोल्हान विश्वविद्यालय में स्नातक पंचम सेमेस्टर की परीक्षाएं 27 जनवरी से 3 फरवरी तक आयोजित की गई थीं। परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन केंद्रों पर पहुंचीं, जहां 9 फरवरी से जांच प्रारंभ किया गया। कुलपति के निर्देश पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ मूल्यांकन कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया। समयबद्ध तरीके से मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी होने से परीक्षा परिणाम शीघ्र जारी करना संभव हो सका। इस परीक्षा में लगभग 15 हजार विद्यार्थियों ने भाग लिया था, जिनमें से 87 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल घोषित किए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है।
आगे भी ऐसे ही जारी होंगे परीक्षा परिणाम
कोल्हान विश्वविद्यालय की कुलपति अंजिला गुप्ता ने परीक्षा विभाग के कार्य पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी सभी परीक्षाएं समयबद्ध तरीके से आयोजित की जाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय का मुख्य उद्देश्य विलंबित शैक्षणिक सत्र को नियमित करना है, ताकि छात्रों का शैक्षणिक कैलेंडर समय पर संचालित हो सके। कुलपति ने मूल्यांकन प्रक्रिया को निर्धारित अवधि में पूरा करने के लिए शिक्षकों और परीक्षा विभाग के अधिकारियों की सराहना की। साथ ही उन्होंने परीक्षा में सफल सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आगे भी इसी प्रकार समन्वित प्रयास जारी रखने पर जोर दिया।

