Latehar : झारखंड के लातेहार जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा हेरहंज थाना क्षेत्र के बरवाटोली गांव के पास रविवार देर शाम हुआ, जहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।मृतकों में तासु गांव निवासी मनु भुइयां (18) और गुलाब भुइयां (22) तथा सरधाबार गांव निवासी मोहन गंझु (25) के रूप में की गई है।
गौरतलब है कि एक बाइक पर सवार चार युवक सरहुल जुलूस देखकर हेरहंज से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल, जिस पर एक महिला समेत तीन लोग सवार थे, से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कृष्ण पाल सिंह पवैया के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया।गंभीर रूप से घायल दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
Read also –

