लातेहार : झारखंड में इन दिनों निकाय चुनाव को लेकर सख्त वाहन जांच चल रही है। लातेहार जिला मुख्यालय से नगर पंचायत का चुनाव हो रहा है। इसे लेकर बुधवार को शाम में एकबारगी जांच अभियान को तेज कर दिया गया। इसी दौरान एक कार को रोका गया, तो उसमें सवार व्यक्ति की हरकत थोड़ी संदिग्ध लगी। जब पुलिस के जवानों ने सघन तलाशी ली, तो कार से एक-दो नहीं, पूरे 40 लाख रुपये मिले। इसकी जानकारी मिलने पर वहां प्रतिनियुक्त पदाधिकारी भी हैरत में पड़ गए।

पुलिस ने अपने साथ इतनी बड़ी रकम ले जाने का कारण पूछा तो कार सवार व्यक्ति जवाब देने में लड़खड़ा गया। इससे पुलिस पदाधिकारियों का शक गहरा गया। इतनी बड़ी राशि बरामद होने से प्रशासनिक पदाधिकारी भी सक्रिय हो गए। यह घटना लातेहार सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत करकट ग्राम के पास बुधवार शाम की है। जब पूरी राशि को ध्यान से गिना गया तो 40 लाख 20 हजार रुपये निकले।
घटना की जानकारी देते हुए नोडल पदाधिकारी श्रवण राम ने बताया कि जैसे ही ये रुपये हाथ लगे, तत्काल इनकम टैक्स ऑफिसर को सूचना दी गई। अब आगे की जांच आयकर विभाग को करनी है। नोडल पदाधिकारी ने बताया कि जांच पूरी होने तक इस बात को गुप्त रखा गया कि ये रुपये किस व्यक्ति से मिले हैं। हालांकि वहां मौजूद लोगों के माध्यम से जानकारी फैंस गई है। अब लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं। इसके बाद जिला प्रशासन ने पूरे इलाके में चौक-चौराहों पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों से वाहन जांच सख्ती से करने का निर्देश दिया है।
फिलहाल, प्रशासनिक अधिकारी इस बात पर पता लगा रहे हैं कि रुपये किस स्रोत से आए हैं और इतनी बड़ी रकम कार में ले जाने का उद्देश्य क्या था। इन सभी पहलुओं पर अधिकारी जांच कर रहे हैं। लातेहार की जिला पुलिस ने बताया कि यह बरामदगी जिले में नगर निकाय चुनाव में अवैध धन के उपयोग काले धन पर रोक लगाने की कार्रवाई में महत्वपूर्ण है। अधिकारियों ने कहा कि यदि बरामद रुपये का स्रोत और उद्देश्य सही मिला तो इसे इसके वास्तविक मालिक को वापस कर दिया जाएगा। लेकिन, रुपये का स्रोत और उद्देश्य संदिग्ध पाया गया तो इसे जब्त कर लिया जाएगा। पूरी राशि जिला कोषागार में जमा कर दी जाएगी।
Read Also- Bokaro Elephant Attack : बोकारो के गोमिया में हाथियों का उत्पात : पति-पत्नी सहित तीन की मौत

