Home » Latehar Fire Vehicle : कोयला साइडिंग में खड़े डंपर को फूंका, फायरिंग कर अपराधियों ने छोड़ा धमकी भरा पर्चा

Latehar Fire Vehicle : कोयला साइडिंग में खड़े डंपर को फूंका, फायरिंग कर अपराधियों ने छोड़ा धमकी भरा पर्चा

by Rakesh Pandey
Latehar Crime News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लातेहार : झारखंड के लातेहार जिले में कोयला कारोबार से जुड़ी आपराधिक गतिविधियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला बरियातू थाना क्षेत्र अंतर्गत फुलबसिया रेलवे कोयला साइडिंग का है, जहां शनिवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने खड़े डंपर को आग के हवाले कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने मौके पर फायरिंग की और एक पर्चा छोड़कर फरार हो गए। घटना की जिम्मेवारी राहुल दुबे गैंग के द्वारा ली गई है. घटना की जानकारी पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है.

रंगदारी को लेकर दी गई धमकी, पर्चा में लिखा ‘बिना गैंग को मैनेज किए काम किया तो अंजाम बुरा होगा’

घटना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई। पर्चा में खुद को राहुल दुबे गिरोह का बताकर कोयला कारोबारियों को रंगदारी देने की धमकी दी गई है। इसमें स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि बिना गैंग को मैनेज किए कोई भी व्यवसाय करेगा, तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। पुलिस ने घटनास्थल से बरामद पर्चा जब्त कर लिया है और इसे जांच का आधार बनाकर अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

Latehar Fire Vehicle : कोयला कारोबारियों में दहशत, पुलिस जांच में जुटी

पुलिस के अनुसार, अपराधियों ने पहले से खड़े डंपर में पेट्रोल डालकर आग लगाई और फिर फायरिंग करते हुए घटनास्थल से फरार हो गए। बरियातू थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक टीम ने तुरंत कार्रवाई की, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना में रंगदारी वसूलने की मंशा स्पष्ट दिखाई देती है। पर्चे की भाषा और अंदाज से यह स्पष्ट है कि इस कृत्य का उद्देश्य कोयला व्यापारियों में भय का माहौल बनाना है।

Latehar Fire Vehicle : जिले में लगातार बढ़ रही रंगदारी की घटनाएं

लातेहार जिले में पिछले कुछ महीनों में कोयला कारोबारियों से रंगदारी मांगने के कई मामले सामने आ चुके हैं। इस तरह की घटनाएं एक बड़े आपराधिक गिरोह की सक्रियता की ओर संकेत करती हैं, जो संगठित तरीके से रंगदारी वसूलने की कोशिश कर रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में तकनीकी सहायता और खुफिया जानकारी के आधार पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Read Also- Hazaribagh News: हजारीबाग के गोंदलपुरा में अपराधियों का उत्पात, सड़क निर्माण एजेंसी के वाहनों को किया आग के हवाले

Related Articles