चाईबासा : विश्वजीत सिंह के शानदार दोहरे शतक (215) एवं तनुज प्रधान की शतकीय पारी (104) की बदौलत लट्टू उरांव क्रिकेट क्लब चक्रधरपुर ने जगन्नाथपुर क्रिकेट क्लब को एकतरफा मुकाबले में 271 रनों के भारी अंतर से पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश किया।
चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता में आज के मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लट्टू उरांव क्रिकेट क्लब ने निर्धारित तीस ओवर में पाँच विकेट के नुकसान पर 419 रनों का रिकॉर्ड स्कोर खड़ा किया। इस प्रतियोगिता के दस वर्षों के इतिहास में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया ये अबतक का सर्वाधिक स्कोर है।
विश्वजीत सिंह ने मारे अठारह छक्के एवं बीस चौके
लट्टू उरांव क्रिकेट क्लब की ओर से पारी की शुरुआत करने आए विश्वजीत सिंह ने बीस चौके एवं अठारह छक्के की सहायता से 215 रन बनाए। दूसरे उद्घाटक बल्लेबाज तनुज प्रधान ने भी बारह चौके एवं छह छक्के की मदद से 104 रनों की शतकीय पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 317 रनों की रिकार्ड साझेदारी निभाई।
मैदान का ऐसा कोई कोना नही बचा था जहां इन दोनों बल्लेबाजों ने शॉट नहीं लगाए। बाद के बल्लेबाजों में शुभोदीप मुखर्जी ने नाबाद 38 तथा अंकित मिश्रा ने 30 रनों की पारी खेली।
किसने कितने लिए विकेट
जगन्नाथपुर क्रिकेट क्लब की ओर से रेहान फजल ने 57 रन देकर दो विकेट हासिल किए। फराज हसन एवं रेहान मंसूरी को एक-एक सफलता हाथ लगी।
148 रनों पर सिमटी जगन्नाथपुर क्रिकेट क्लब की टीम
जीत के लिए पहाड़ से स्कोर का पीछा करने उतरी जगन्नाथपुर क्रिकेट क्लब की पूरी टीम 20.1 ओवर में 148 रन पर सिमट गई। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए मेराजुल इस्लाम ने चार चौके एवं चार छक्के की मदद से 50 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। अबुतल्हा आलम ने 27, सैफ आफरिदी ने 21 तथा फिरोज आलम ने 12 रनों का योगदान दिया। अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच पाया।
अंकित तांती ने 21 रन देकर चटकाए पांच विकेट
लट्टू उरांव क्रिकेट क्लब की ओर से अंकित तांती ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मात्र 21 रन देकर पाँच विकेट चटकाए। सिद्धार्थ जयसवाल एवं त्रिनाथ प्रधान को दो-दो तथा विश्वजीत सिंह को एक सफलता हाथ लगी। अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता में कल मेघाहातुबुरू क्रिकेट क्लब का मुकाबला शाह स्पोर्ट्स अकादमी चक्रधरपुर से होगा।

