लोहरदगा : सांसद सुखदेव भगत की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक जिला परिषद कार्यालय में आयोजित की गई। इस बैठक में जिला के विभिन्न विभागों द्वारा चल रही विकास योजनाओं की गहन समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं को पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए।
सांसद ने दी कार्य में तेजी लाने की चेतावनी
बैठक में सांसद ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से कुडू-घाघरा पथ और कंडरा पुल निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर असंतोष जताया और तेजी से काम पूरा करने की हिदायत दी। इसके अलावा, बरवाटोली चौक के पास चौड़ीकरण और सुदृढ़िकरण कार्यों को भी जल्द पूरा करने का आदेश दिया।
सांसद ने मनरेगा के तहत पेशरार प्रखण्ड में नाशपाती बागवानी की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से पौधों को जीवित रखने का प्रयास करने को कहा ताकि इसका लाभ अधिक से अधिक लोगों को मिल सके।
रागी उत्पादन को बढ़ावा देने का निर्देश
सांसद ने जेएसएलपीएस डीपीएम को रागी की पैदावार बढ़ाने के लिए पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत करने का आदेश दिया। उन्होंने गुमला जिले में इस पहल को सकारात्मक उदाहरण के तौर पर प्रस्तुत किया और जिले में रागी उत्पादन को बढ़ावा देने की आवश्यकता जताई।
विभिन्न योजनाओं की समीक्षा और सुधार के निर्देश
बैठक में सांसद ने मुख्यमंत्री मायंया सम्मान योजना और वृद्धावस्था पेंशन योजना की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मृत लाभुकों की पहचान कर उनके खातों से पैसे वापस लिए जाएं। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना में उन लाभुकों की सूची में शामिल करने का निर्देश दिया गया, जो पहले सर्वे में छूट गए थे।
सांसद ने नगर परिषद क्षेत्र के बाल्मिकीनगर के विकास कार्यों के लिए कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिए और समाज कल्याण विभाग से आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए जमीन देने वाले परिवारों को सहायिका पदों पर प्राथमिकता देने को कहा।
स्वास्थ्य और सिकल सेल योजना पर भी ध्यान
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने आईसीयू और डायलिसिस सुविधाओं के लिए चिकित्सक और कर्मचारियों की नियुक्ति पर जोर दिया। साथ ही, सुदूरवर्ती क्षेत्रों में मोबाईल वैन के माध्यम से अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे की सुविधाएं देने का निर्देश भी दिया। उन्होंने सिकल सेल बीमारी के लिए आवश्यक मशीनों की खरीद के लिए सांसद निधि से सहायता देने का आश्वासन भी दिया।

