Home » Lohardaga Rail News: कोयल नदी रेलवे पुल के पिलर की मरम्मत के लिए 15 फरवरी तक मृदा परीक्षण, इरगांव तक जाएगी मेमू ट्रेन

Lohardaga Rail News: कोयल नदी रेलवे पुल के पिलर की मरम्मत के लिए 15 फरवरी तक मृदा परीक्षण, इरगांव तक जाएगी मेमू ट्रेन

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Lohardaga : रांची-लोहरदगा-टोरी रेल लाइन पर कोयल नदी स्थित रेलवे पुल संख्या 115 में दरार आने के बाद ट्रेनों का परिचालन फिलहाल पूरी तरह बंद है। इसी क्रम में मंगलवार को दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्र तकनीकी टीम के साथ स्पीक कोच से लोहरदगा पहुंचे और कोयल नदी रेलवे पुल का गहन निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने तकनीकी अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों के साथ विस्तृत चर्चा की।

उन्होंने बताया कि सबसे पहले पुल के पिलर संख्या 5 की मरम्मत की जाएगी, इसके बाद पिलर संख्या 6 और 7 को दुरुस्त किया जाएगा। पुल की मजबूती को लेकर 15 फरवरी तक सॉइल टेस्टिंग का कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। रेलवे का प्रयास है कि मार्च के अंतिम सप्ताह तक ट्रेनों का परिचालन बहाल कर दिया जाए, जबकि सभी मरम्मत कार्य मई 2026 तक पूरे होंगे।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था भी की है। लोहरदगा स्टेशन से करीब सात किलोमीटर दूर इरगांव हॉल्ट तक मेमू पैसेंजर ट्रेन का परिचालन किया जाएगा। वहीं लोहरदगा से इरगांव तक यात्रियों को बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा लोहरदगा से टोरी के लिए कनेक्टिंग ट्रेन की सुविधा भी शुरू की जाएगी।हालांकि फिलहाल रांची से लोहरदगा के बीच एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन मार्च तक स्थगित रहेगा।

महाप्रबंधक ने यह भी बताया कि कोयल नदी में बालू के अधिक उठाव और कटाव के कारण पुल को नुकसान पहुंचा है। मरम्मत कार्य के लिए तीन से चार टीमें 24 घंटे लगातार काम करेंगी। पुल के पिलर संख्या 4, 5, 6 और 7 को जैकेटिंग और पाइलिंग के माध्यम से मजबूत किया जाएगा। साथ ही स्टील गार्डर की मदद से अस्थायी रूप से ट्रेन परिचालन शुरू करने की भी तैयारी है।

करीब दो घंटे तक मौके पर मौजूद रहे रेलवे महाप्रबंधक ने तकनीकी टीमों और विभिन्न एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही भविष्य में कोयल नदी पर नए रेलवे पुल के निर्माण को लेकर भी योजना बनाने की बात कही।

Read also Jamshedpur News : मानगो बनेगा नया पुलिस अनुमंडल, उच्चस्तरीय समिति ने दी स्वीकृति

Related Articles