जामताड़ा : झारखंड-पश्चिम बंगाल सीमा स्थित डोमदहा में 23 अप्रैल 2025 को हुई CISF जवान सुनील पासवान की हत्या के मामले में पहली गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने जामताड़ा जिले के मिहिजाम स्थित अंबेडकर नगर निवासी राहुल गुप्ता उर्फ ‘मुर्गी’ को गिरफ्तार किया है। वह इस सनसनीखेज हत्याकांड में मुख्य आरोपी है।
CCTV और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर गिरफ्तारी
रूपनारायणपुर पुलिस ने क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की मदद से ‘मुर्गी’ की पहचान की। उसके घर से घटना के दिन पहने गए कपड़े भी बरामद हुए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या से पहले सुनील पासवान अपनी जमीन पर पहुंचा, जहां ‘मुर्गी’ और उसके गैंग के लोग शराब पी रहे थे। जब जवान ने इसका विरोध किया, तो उसे गोली मार दी गई।
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड : सेना के जवान पर हमला, हत्या में नाम
पुलिस के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब ‘मुर्गी’ अपराध में शामिल पाया गया हो। 12 अगस्त 2024 को वह असम राइफल्स के जवान ओमप्रकाश भारती से लूट और हमले के मामले में जेल गया था।
30 जनवरी को मिहिजाम हांसी पहाड़ी रेलवे फाटक के पास कैटरिंग कर्मी राहुल सिंह उर्फ ‘लेफ्टी’ की हत्या में उसका नाम आया, जिसमें उसने एक महीने पहले जामताड़ा कोर्ट में सरेंडर किया था। 6 मार्च को विनय यादव की पीठ पर गोली चलाने के मामले में भी वह आरोपी है।
मुख्य सरगना युवराज यादव अभी भी फरार
थाना प्रभारी अरुणाभ भट्टाचार्य ने बताया कि इस गिरोह का मुख्य सरगना युवराज यादव अब भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। उन्होंने बताया कि यह गैंग अपराध के बाद अपनी पहचान छिपाने के लिए हुलिया बदल लेता है—जैसे कि दाढ़ी और बाल मुंडवा देना।
पुलिस को अन्य आरोपियों की भी तलाश
पुलिस का दावा है कि इस हत्याकांड में कई अन्य लोग भी शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी जल्द की जाएगी। फिलहाल, राहुल गुप्ता उर्फ ‘मुर्गी’ से पूछताछ जारी है, जिससे गैंग की गतिविधियों की और परतें खुलने की संभावना है।
Read Also- बहरागोड़ा में तेज रफ्तार टैंकर ने नौ गायों को रौंदा

