गुमला : बिशुनपुर थाना क्षेत्र के नेतरहाट रोड पर गुरुवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मिडिल स्कूल के पास बाइक और बाक्साइट लदे ट्रक की आमने-सामने टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बाइक चला रहे युवक का दायां पैर मौके पर ही दो टुकड़ों में कट गया।
इस दुर्घटना में बिशुनपुर बाजार टाड़ निवासी रोशन तिर्की (21 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक पर पीछे बैठे सियार टोली निवासी चोटे उरांव (20 वर्ष) को भी गंभीर चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात बाक्साइट ट्रक ने सामने से बाइक को टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व मुखिया जयप्रकाश उरांव, अंचल कर्मी प्रकाश कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिशुनपुर थाना को सूचना दी। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा को कॉल किया गया, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली।
आखिरकार पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों घायलों को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बिशुनपुर लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद रोशन तिर्की की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, गुमला रेफर कर दिया गया। वहीं चोटे उरांव का इलाज जारी है।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और अज्ञात ट्रक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच भी की जा रही है।

