
चाईबासा : जिला कांग्रेस कमेटी, पश्चिमी सिंहभूम के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष और जगन्नाथपुर के विधायक सह सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकू ने शनिवार को चाईबासा परिसदन में झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरुवा से शिष्टाचार मुलाकात की।
इस दौरान दोनों नेताओं के बीच जिले के समग्र विकास, संगठन की मजबूती और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुलाकात सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई और करीब आधे घंटे तक दोनों नेताओं ने पश्चिमी सिंहभूम की सामाजिक-राजनीतिक स्थिति पर विचार-विमर्श किया।
मंत्री दीपक बिरुवा ने सोनाराम सिंकू को कांग्रेस जिलाध्यक्ष की नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सोनाराम सिंकू एक अनुभवी और जमीनी नेता हैं।
वहीं नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सोनाराम सिंकू ने मंत्री दीपक बिरुवा का आभार व्यक्त किया और कहा कि वे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रही है और आगे भी जिले के विकास, आदिवासियों, किसानों और युवाओं से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा।
चर्चा के दौरान जिले में चल रही विकास योजनाओं, ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर भी सार्थक बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने सहमति जताई कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय से जिले के विकास को और गति मिलेगी। इस अवसर पर कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां, ग्रामीण मुंडा सोमनाथ सिंकू सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

