
जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र में बंद मकान को निशाना बनाकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया है। एल-4 रोड नंबर 11 स्थित घर का ताला तोड़कर चोर नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। शनिवार सुबह परिवार के सदस्य घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरी की वारदात रक्षाबंधन की रात होने की आशंका है।

घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध व्यक्ति की तस्वीर कैद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब संदिग्ध की पहचान करने और चोरी में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
इलाज के लिए वेल्लोर गए थे परिवार के सदस्य, खाली था मकान
जिस मकान में चोरी हुई है, वह कांग्रेस नेता अरविंद साहू के परिजन का बताया गया है। मकान में रहने वाले उनके भाई इलाज के सिलसिले में वेल्लोर गए हुए हैं। शनिवार सुबह अरविंद साहू घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। इसके बाद जब उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा तो सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। चोरों ने घर में रखी दो अलमारियों के ताले भी तोड़ दिए थे।
दो अलमारियों के ताले तोड़े, 30 हजार रुपये नकद और आभूषण गायब
परिवार के सदस्यों ने घर की जांच की तो करीब 30 हजार रुपये नकद गायब मिले। इसके अलावा सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान भी चोरी होने की जानकारी मिली है। चोरी गए सामानों की पूरी सूची तैयार की जा रही है। सूची पूरी होने के बाद चोरी की कुल कीमत का आकलन किया जाएगा। प्रारंभिक तौर पर वारदात में लाखों रुपये मूल्य के नकदी और आभूषण चोरी होने की बात सामने आई है।
उन्होंने आशंका जताई कि चोरी करने वालों को घर बंद होने की जानकारी थी। उनका कहना है कि परिवार के सभी सदस्य बाहर थे और घर में कोई मौजूद नहीं था। चोरों ने इसी स्थिति का फायदा उठाया।
सीसीटीवी में कैद संदिग्ध की तलाश में जुटी टेल्को पुलिस
टेल्को थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच शुरू की। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने की जानकारी मिली है। पुलिस अब संदिग्ध के आने-जाने के रास्ते का पता लगाने के लिए क्षेत्र के अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि संदिग्ध कब इलाके में पहुंचा और चोरी के बाद किस दिशा में गया।
Read Also- Karaikela Road Accident : रक्षाबंधन की रात दो बाइक में भिड़ंत, घायल युवक की इलाज के दौरान मौत

