भुवनेश्वर : Odisha ‘Grain ATM’ : देश के तमाम हिस्सों में एटीएम का इस्तेमाल कैश ट्रांजैक्शन के लिए किया जाता है, लेकिन ओडिशा के भुवनेश्वर में एक ऐसा एटीएम लगा है जो पैसा नहीं, अनाज उगलता है। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में इस ग्रेन एटीएम (अनाज वितरण मशीन) को लॉन्च किया गया है। इस अनाज एटीएम के जरिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लाभार्थी 24 घंटे अनाज ले सकेंगे। ऐसे में लोगों को राशन लेने के लिए घंटों लाइन में खड़े होकर इंतजार करने के झंझट से मुक्ति मिलेगी।

वहीं इस अनाज वितरण मशीन की खासियत ये है कि ये 5 मिनट में 50 किलो अनाज भरने की क्षमता रखती है। ओडिशा के खाद्य मंत्री कृष्ण चंद्र पात्रा ने 8 अगस्त को भारत में वर्ल्ड फूड डिस्ट्रीब्यूशन इवेंट के डिप्टी कंट्री डायरेक्टर नोजोमी हाशिमोतो की मौजूदगी में इस अन्नपूर्ति एटीएम को लॉन्च किया। जल्द ही इसे राज्य के अन्य जिलों में भी लगाए जाने की योजना है।
Odisha ‘Grain ATM’ : अनाज निकालने की प्रक्रिया बहुत आसान
इस एटीएम से अनाज निकालने की प्रक्रिया को काफी आसान बनाया गया है। खाद्य मंत्री कृष्ण चंद्र पात्रा ने इसकी जानकारी देते हुए कहा है कि इस मशीन से अनाज निकालने के लिए किसी भी राशनकार्ड होल्डर को अपना आधार या राशन कार्ड नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद बायोमीट्रिक ऑथेंटिकेशन के बाद अनाज लिया जा सकता है। एटीएम चौबीस घंटे चावल या गेहूं वितरित करेगा। इसके साथ ही बता दें कि देश का पहला ग्रीन एटीएम साल 2021 में हरियाणा के गुरुग्राम में स्थापित किया गया था।
Odisha ‘Grain ATM’ : वजन की रहेगी पारदर्शिता
वहीं खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री कृष्ण चंद्र पात्रा ने अपने इंटरव्यू में कहा की आज का दिन ऐतिहासिक बन चुका है। लोग अब मशीन से चावल निकाल कर आसानी से ले जा सकते हैं। यह बहुत आसान कदम है। इसे राज्य के सभी जिलों में शुरू किया जाएगा।
इसके साथ ही मंत्री ने ये भी कहा कि अनाज एटीएम शुरू होने से पीडीएस लाभार्थियों को उनके हक का अनाज देने में डीलरों की देरी बंद हो जाएगी। वहीं उन्होंने कहा कि मशीन से अनाज मिलने की प्रक्रिया जटिल नहीं है। अपना आधार या राशन कार्ड नंबर दर्ज करके और बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण से गुजरते हुए, लाभार्थी मशीन से अपने हक का अनाज प्राप्त कर सकेंगे। इससे वजन की पारदर्शिता भी बनी रहेगी।

