Palamu : ईद की खुशियों के बीच पलामू जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। हैदरनगर थाना क्षेत्र के गंजपर मोहल्ला निवासी 20 वर्षीय आरिफ की काशी सोत डैम में डूबने से मौत हो गई। घटना शनिवार रात की बताई जा रही है।
गौरतलब है कि आरिफ ईद की नमाज अदा करने के बाद अपने दोस्तों के साथ मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र स्थित काशी सोत डैम घूमने गया था। इसी दौरान डैम के पास अचानक मधुमक्खियों का झुंड वहां मौजूद लोगों पर टूट पड़ा, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
घबरा कर कूद गया डैम में
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मधुमक्खियों से बचने के प्रयास में आरिफ घबराकर डैम में कूद गया। लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और डूब गया। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत प्रयास कर उसे पानी से बाहर निकाला और आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गांव में छाया मातम
इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है। ईद की खुशियां पल भर में गम में बदल गईं। मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक और स्थानीय मुखिया ने आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजा दिलाने के लिए पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी। हालांकि, देर रात तक समझाने के बावजूद परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

