Home » Palamu Crime : पलामू में कुल्हाड़ी से काटकर नाबालिग की हत्या, जुए व नशे की थी लत

Palamu Crime : पलामू में कुल्हाड़ी से काटकर नाबालिग की हत्या, जुए व नशे की थी लत

by Anand Mishra
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पलामू : झारखंड के पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के रुद गांव में गुरुवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां जुए में जीते हुए महज तीन हजार रुपयों के विवाद में तीन नाबालिग लड़कों ने मिलकर अपने ही 16 वर्षीय दोस्त कृष्णा भुइयां उर्फ कईला की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी। इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

नशे और जुए की लत बनी जानलेवा

जानकारी के अनुसार, कृष्णा भुइयां अपने कुछ दोस्तों के साथ मिलकर नशा कर रहा था। नशे की हालत में ही वे जुआ खेलने लगे। इस दौरान कृष्णा ने तीन हजार रुपये जीत लिए। इसी जीती हुई रकम को लेकर कृष्णा और उसके दोस्तों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। घटना के समय कृष्णा के परिवार के सदस्य गांव में ही एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे और घर पर ताला लगा हुआ था। विवाद के बाद कृष्णा डर के मारे अपने एक दोस्त के घर जाकर सो गया। लेकिन उसके गुस्साए दोस्तों ने उसका पीछा किया और कुल्हाड़ी से उसके सिर और सीने पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।

घर के बाहर मिला खून से लथपथ शव

आरोपियों ने हत्या के बाद कृष्णा के शव को घसीटकर उसके घर के बाहर फेंक दिया। शुक्रवार सुबह जब कृष्णा के परिवार वाले शादी समारोह से लौटे, तो घर के बाहर खून से लथपथ अपने बेटे का शव देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। छतरपुर थाने के सब इंस्पेक्टर राहुल कुमार और सुशील कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित एमआरएमसीएच भेज दिया।

तीन नाबालिग हिरासत में

मृतक कृष्णा के पिता कुलदीप भुइयां ने बताया कि कृष्णा उनका सबसे छोटा बेटा था और उसे नशे और जुए की बुरी लत लग गई थी। पुलिस ने घटनास्थल पर खून के निशानों के आधार पर जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल तीनों नाबालिग दोस्तों को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद ने बताया कि पुलिस हिरासत में लिए गए तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि हत्या के सही कारणों और घटनाक्रम का पता चल सके।

Related Articles