Palamu (Jharkhand): झारखंड के पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के दंगवार गांव में अंधविश्वास के कारण बड़ी घटना सामने आई। ग्रामीणों ने 73 वर्षीय वृद्ध भगवान माली और दो महिलाओं को डायन-बिसाही व जादू-टोना के आरोप में बेरहमी से पीट दिया।
मारपीट में वृद्ध भगवान माली गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने पहले उन्हें डेहरी के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत देखते हुए उन्हें बीएचयू रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज वहीं चल रहा है। दोनों महिलाओं की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
अंतिम संस्कार के बाद घटना, ग्रामीणों ने किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में एक व्यक्ति की मृत्यु के बाद सोन नदी घाट स्थित मुक्तिधाम में शवदाह किया गया। अंतिम संस्कार के बाद जब लोग लौट गए तो भगवान माली और दोनों महिलाएं कथित तौर पर चिता स्थल के पास तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधि कर रही थीं।
यह जानकारी मृतक के परिजनों तक पहुंची, जिसके बाद कुछ युवक मौके पर पहुंचे और तीनों की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलने पर दंगवार ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को सुरक्षित निकालकर पूछताछ के लिए हुसैनाबाद थाना ले गई।
पुलिस को लिखित शिकायत का इंतजार
इस संबंध में थाना प्रभारी सोनू कुमार चौधरी ने कहा कि पीड़ित या उनके परिजनों की लिखित शिकायत मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। यदि किसी को संदेह था तो उन्हें पुलिस को सूचना देनी चाहिए थी, न कि खुद हिंसा करनी चाहिए।

