Palamu : पलामू के मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शुक्रवार को नवजात बच्चे की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। बताते हैं कि प्रसव के कुछ घंटे बाद ही नवजात की मौत हो गई थी। परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया। हंगामा की वजह से लगभग एक घंटे तक अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

बाद में अस्पताल अधीक्षक मौके पर पहुंचे और उन्होंने परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले में जांच कराई जाएगी। जांच में अगर लापरवाही का मामला आता है तो दोषी डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इसके बाद मामला शांत हुआ।
बुधवार को हुआ था महिला का ऑपरेशन
बताते हैं कि पड़वा थाना क्षेत्र के राजहरा गांव के रहने वाले रवियान्स कुमार ने बुधवार को अपनी पत्नी सानिया कुमारी को एमएमसीएच के महिला वार्ड में भर्ती कराया था। सानिया कुमारी का प्रसव होना था। अस्पताल में सानिया कुमारी का सामान्य प्रसव कराया गया।
प्रसव के आधे घंटे बाद हो गई थी नवजात की मौत
प्रसव के लगभग आधे घंटे बाद नवजात की मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन ने लापरवाही बरती है। नवजात की मौत के बाद परिजन नवजात बच्चे को अपने घर ले गए और उसका अंतिम संस्कार कर दिया था। घटना के दो दिन बाद शुक्रवार को परिजन अस्पताल पहुंचे और हंगामा करने लगे। हंगामे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। इसके बाद, अस्पताल अधीक्षक ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराई जाएगी।

